मसरुर आलम के साथ आनंद राज की रिपोर्ट
खगड़िया:महागठबंधन की सरकार में सत्रह महीने के सेवाकाल के दौरान जातीय जनगणना कराकर हमने आदिवासी,दलित,पिछड़ा व अतिपिछड़ा वर्ग के लोगों को 65 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया।लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा के दवाब में लागू नहीं कर रहे हैं।
उक्त बातें कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में भाग लेने खगड़िया आए नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि,स्वास्थ्य विभाग में मिशन सिक्सटी चलाकर बिहार के अस्पतालों को चकाचक कराकर आवश्यक मेडिकल उपकरण,एम्बुलेंस आदि उपलब्ध करवाकर गरीबों के स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ कराया।डॉक्टरों की कमी को दूर कर ही रहा था कि मनुवादी विचारधारा के लोगों ने महागठबंधन की सरकार को गिरा दिया।
जिला अतिथि गृह में प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, राज्यसभा सदस्य संजय यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद चौधरी महबूब अली कैसर, राष्ट्रीय प्रवक्ता व खगड़िया के लाल जयंत जिज्ञासु,पूर्व एमलसी प्रत्याशी सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव,जिला मीडिया प्रभारी सह पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार,युवा राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव आदि की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि,उद्योग के क्षेत्र में भी विकास करते हुए 5सौ करोड़ से भी अधिक का निवेश कराया।
उन्होंने कहा कि,बिहार के आमजनों को रोजगार मुहैया कराया।ताकि,बिहार से पलायन रुके और बिहार के युवाओं के चेहरे पर खुशी दिखे।तालिमी मरकज टोला सेवक और विकास मित्र का वेतन दोगुना से अधिक कराकर उनको सम्मानजनक वेतन दिलाने का काम किया।
नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक,स्मार्ट मीटर लगाकर बिहार के लोगों का शोषण किया जा रहा है।बिहार में अफसरशाही चरम पर है।स्थिति यह है कि,कोई किसी का सुनने वाला नहीं है।आम जनता त्राहिमाम है।सरकारी कार्यालय में लोगों का कोई सुनने वाला नहीं है।
आज हम खगड़िया में कार्यकर्ता से संवाद करके के फीडबैक लेंगे कि,पार्टी कैसे मजबूत होगा।अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनायेगें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद खगड़िया जिला मुख्यालय स्थित कोशी कॉलेज प्रांगण में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में भाग लिया और विधानसभावार खगड़िया, अलौली,परबत्ता और बेलदौर विधानसभा के पंचायत अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष,नगर अध्यक्ष एवं सभी प्रकोष्ठ सहित वरिष्ठ राजद नेताओं से जाना कि बूथ से लेकर जिला स्तर पर पार्टी कैसे मजबूत होगी।राजद का वोट कैसे बढ़ेगा।
आगामी विधानसभा चुनाव में राजद कैसे सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा।गरीब गुरबा की सरकार बिहार में कैसे काबिज होगी।सामाजिक न्याय की सरकार कैसे बनेगी।
तेजस्वी यादव कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर फीड बैक लिया और संगठन मजबूत करने के आवश्यक गुर सिखाया।
उन्होंने कहा कि,महागठबंधन की सरकार में सत्रह महीने में हमलोग ने पांच लाख युवाओं को नौकरी दिया और विकास का जो काम किया,उसे गांव-गांव जाकर आमलोगों को यह बताने का काम करें।घर-घर जाकर लोगों को यह बताएं कि,राजद ही बिहार के सभी वर्गों का विकास के लिए काम करता है।लालू प्रसाद यादव गरीब,दलित,शोषित पीड़ित,दबे-कुचले बहुजन वर्ग को अंतिम पंक्ति से उठाकर प्रथम पंक्ति में लाने का काम किए।
कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व एमलसी प्रत्याशी सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने की,जबकि संचालन जिला प्रधान महासचिव नंदलाल मंडल ने किया।
मौके पर मौजूद राज्यसभा सांसद संजय यादव ने कार्यक्रम शुरु होने से पहले कार्यकर्ताओं को बताया कि,इस कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में किस विषय पर बात रखनी है और किस तरह सुझाव देना है।
उसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव एक-एक कर कार्यकर्ताओं की सुनते गए और जवाब देते गए।वह सभी विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुने और जवाब भी दिए।
मंच पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद चौधरी महबूब अली कैशर,राष्ट्रीय प्रवक्ता जयंत जिज्ञासु,प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव,खगड़िया प्रभारी सह प्रदेश महासचिव धनिकलाल मुखिया,कार्यक्रम प्रभारी मुकुंद सिंह मौजूद थे।जबकि,कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला मीडिया प्रभारी रणवीर कुमार,युवा जिलाध्यक्ष उदय यादव,जिला प्रवक्ता अजीत सरकार,चंद्रशेखर कुमार,जिला कार्यकारिणी सदस्य मीरा सिंह महिला जिलाध्यक्ष रंजू सहनी सहित सैकड़ों नेताओं की मौजूदगी दिखी।