60f57322b36e741b783a02f6cfd26e8e.webp

700159845066ef5d5955be37be5a41a3.webp

18630fa3a63f5c3c74bbf7adef437026.webp


एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया

4bb14234bea4f76e3858883de9ce9837.webp


जिले के मानसी प्रखंड क्षेत्र स्थित जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय में सीढ़ी टूटने से छात्रा की मौत की घटना के बाद खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के विधायक बबलू कुमार मंडल ने बीते शनिवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर जिले में विद्यालय भवनों की सुरक्षा,जमीन विवादों के समाधान,बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों और शहर में चल रहे नाला निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।विधायक ने इन मामलों में त्वरित और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता बताते हुए जिलाधिकारी के समक्ष विस्तृत चर्चा की।

सभी विद्यालय भवनों की तकनीकी जांच कराने की मांग

विधायक बबलू कुमार मंडल ने जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय, मानसी में सीढ़ी टूटने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।उन्होंने जिलाधिकारी से जिले के सभी सरकारी विद्यालय भवनों की स्थिति की व्यापक जांच कराने की मांग की।विधायक ने कहा कि इसके लिए एक विशेष तकनीकी टीम का गठन किया जाए, जिसमें भवन निर्माण से जुड़े विशेषज्ञ एवं संबंधित विभाग के तकनीकी अधिकारी शामिल हों।यह टीम जिले के सभी विद्यालय भवनों का स्थल निरीक्षण कर उनकी संरचनात्मक स्थिति की रिपोर्ट तैयार करे।उन्होंने कहा कि केवल कागजी रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय भवनों की स्थिति का आकलन नहीं होना चाहिए, बल्कि भवन की वास्तविक स्थिति, छत,सीढ़ी,दीवार,फर्श,बरामदा और अन्य संरचनात्मक हिस्सों की तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए।

जर्जर विद्यालयों को तोड़कर नए भवन बनाने पर जोर

विधायक बबलू कुमार मंडल ने जिलाधिकारी से कहा कि तकनीकी जांच के दौरान जिन विद्यालय भवनों को असुरक्षित या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त पाया जाता है,उन्हें केवल मरम्मत के भरोसे नहीं छोड़ा जाए।ऐसे भवनों को आवश्यकतानुसार तोड़कर नए भवन का निर्माण कराया जाए।उन्होंने कहा कि बच्चों को जर्जर भवन में पढ़ाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।विद्यालय भवन मजबूत और सुरक्षित होना चाहिए,ताकि अभिभावक भी अपने बच्चों को विद्यालय भेजने में स्वयं को सुरक्षित महसूस करें।विधायक ने जिलाधिकारी से इस मामले में विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराने और तकनीकी टीम की रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकता तय करने का आग्रह किया।

पंचायत स्तर पर लगे जमाबंदी सुधार शिविर

बैठक के दौरान विधायक ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा चलाए जा रहे जमाबंदी सुधार अभियान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।उन्होंने जिलाधिकारी से पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर जमाबंदी सुधार का कार्य कराने की मांग की।विधायक ने कहा कि खगड़िया जिले में जमीन से जुड़े विवादों की संख्या काफी अधिक है।कई परिवारों में पूर्वजों की जमीन के बंटवारे, जमाबंदी और रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने को लेकर विवाद लंबे समय से चले आ रहे हैं।इन समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने से छोटे-छोटे मामले भी गंभीर विवाद का रूप ले लेते हैं।उन्होंने कहा कि यदि पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर लोगों की जमाबंदी से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाए और पूर्वजों के नाम दर्ज जमीन का नियमानुसार सही बंटवारा एवं रिकॉर्ड दुरुस्त किया जाए,तो जमीन विवादों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

जमीन विवादों के स्थायी समाधान पर जोर

विधायक ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनें और मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर मामलों का समाधान करने की दिशा में कार्रवाई करें।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोगों को राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।पंचायत स्तर पर शिविर लगने से आम लोगों को सुविधा मिलेगी और प्रशासन तक उनकी पहुंच आसान होगी।इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा

विधायक बबलू कुमार मंडल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति का भी मुद्दा जिलाधिकारी के समक्ष रखा।उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण कई स्थानों पर सड़कों को नुकसान पहुंचा है,जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हो रहा है।उन्होंने जिलाधिकारी से क्षतिग्रस्त सड़कों का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कराकर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क बहाल करना आम लोगों के लिए अत्यंत जरूरी है।किसानों,विद्यार्थियों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को इससे राहत मिलेगी।

बुडको के नाला निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं

विधायक ने शहर में बुडको द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण का मुद्दा भी जिलाधिकारी के समक्ष उठाया।उन्होंने कहा कि शहर में जलजमाव की समस्या काफी पुरानी है और नाला निर्माण शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद भी यदि शहर में जलजमाव की समस्या बनी रहती है तो यह गंभीर चिंता का विषय होगा।इसलिए निर्माण कार्य के दौरान जल निकासी की पूरी व्यवस्था,नाले की क्षमता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

अधिकारियों की निगरानी में हो परियोजना का काम

विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि नाला निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजना में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कराई जाए और संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय-समय पर स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए जाएं।उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से बनने वाली परियोजना टिकाऊ और उपयोगी होनी चाहिए।यदि निर्माण में किसी प्रकार की कमी रह जाती है तो उसका खामियाजा शहरवासियों को लंबे समय तक भुगतना पड़ सकता है।विधायक ने जिलाधिकारी के समक्ष उठाए गए सभी मुद्दों को जनहित से जुड़ा बताते हुए कहा कि विद्यालयों की सुरक्षा,जमीन विवादों का समाधान,बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और शहर की जलजमाव समस्या का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए आम लोगों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराएगा।