खगड़िया(प्रवीण कुमार प्रियांशु)।

 

जिले के अलौली थाना क्षेत्र में एक नशेड़ी पति को स्मैक पीने के लिए पत्नी ने पैसे नहीं दिए,तो दरिंदा बने पति ने पत्नी को रस्सी का फंदा लगाकर मौत के आगोश में ढ़केल दिया।पांच महीने की गर्भवती पत्नी को नशेड़ी पति द्वारा दहेज के नाम पर दो लाख रुपये के लिए भी यातना दी जाती थी।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।मृतका के भाई द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने सास-ससुर,देवर तथा पति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।मिल रही जानकारी के अनुसार अलौली थाना अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड 2 निवासी रामचन्द्र यादव के 30 वर्षीय पुत्र पाण्डव यादव ने 25 वर्षीय पत्नी पूनम देवी की गला दबाकर हत्या की है।बेगूसराय जिले बलिया थाना अंतर्गत मथार निवासी मृतका के भाई अजित ने बताया कि,जीजा पाण्डव यादव ने देर रात स्मैक पीने और दहेज के रुप में 2 लाख रुपये की मांग की।बहन पूनम द्वारा रुपये देने से इंकार करते ही सास-ससुर,देवर एवं पति द्वारा मारपीट की जाने लगी।इसी बीच पति द्वारा रस्सी से गला दबा दिया गया।नतीजतन पूनम की हालत बिगड़ गई।आस-पास के लोगों द्वारा जब-तक उसे अलौली पीएचसी ले जाया जाता,तब तक उसने दम तोड़ दिया।मृतका के भाई का कहना है कि,ससुरालजनों द्वारा शव छिपाने की कोशिश की गई,लेकिन ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाते ही वह लोग बहन के ससुराल पहुंच गए।उसके बाद घटना की जानकारी अलौली थाना को दी गई।इधर ग्रामीणों का कहना है कि,पांडव शराब पीकर अक्सर पूनम के साथ मारपीट करता था। फोन पर दहेज के लिए रुपए सहित अन्य सामग्रियों की मांग करता था।पूनम की शादी तीन साल पूर्व हुई थी।जिसके बाद एक वर्ष की एक बेटी हुई पूनम 5 माह की गर्भवती भी थी।ग्रामीणों के अनुसार पाण्डव अपराधी प्रवृति का था।उसके विरुद्ध लूट, छिनतई,चोरी,मारपीट सहित अन्य मामले दर्ज हैं।वह कई बार जेल भी जा चुका है।