

एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया

खगड़िया में खेल प्रतिभाओं ने भरी हुंकार... जेएनकेटी स्टेडियम में खिलाड़ियों के जोश और जुनून के बीच जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शानदार आगाज हुआ। मैदान में एक तरफ खिलाड़ियों का दमखम नजर आया, तो दूसरी तरफ जिला प्रशासन ने जिले की खेल प्रतिभाओं को बड़े मंच तक पहुंचाने का अपना संकल्प दोहराया।
जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया और मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं समारोह को खास बनाया राष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन में खगड़िया का प्रतिनिधित्व कर चुकीं खिलाड़ी सुनंदा कुमारी ने, जिन्होंने खेल मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इसके बाद खेल मशाल के साथ मार्च और खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्षता की शपथ दिलाई गई।
इस पूरे आयोजन को व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से संचालित करने में जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खेल विभाग की देखरेख में खिलाड़ियों की विभिन्न स्पर्धाओं के आयोजन, खेल स्थलों की व्यवस्था और प्रतियोगिता के संचालन को लेकर व्यापक तैयारी की गई।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी अलग-अलग खेल विधाओं में अपना हुनर दिखा रहे हैं। जेएनकेटी स्टेडियम में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में 700 से अधिक खिलाड़ी मैदान में उतरे। खेल भवन में कराटे, वुशु, भारोत्तोलन और कुश्ती में 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन के मुकाबले आयोजित किए गए।
दौड़ की रफ्तार हो या लंबी कूद का जुनून... कुश्ती की ताकत हो या भारोत्तोलन में शक्ति का प्रदर्शन—हर मैदान में खिलाड़ियों के भीतर कुछ कर गुजरने का जज्बा साफ नजर आया। यही प्रतिभाएं आगे चलकर जिले और बिहार का नाम बड़े मंचों पर रोशन कर सकती हैं।


पाठकों की बातचीत
खबर पर अपनी राय साझा करें और दूसरे पाठकों से जुड़ें।
इस खबर पर पहली राय आप साझा करें।
अपनी टिप्पणी लिखें
ईमेल सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। टिप्पणी समीक्षा के बाद प्रकाशित होगी।