खगड़िया।

   

जिले की चरमराती कानून व्यवस्था के बीच अपराधियों ने राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के नेता सह अलौली के पूर्व प्रखंड प्रमुख संजीव कुमार को पत्नी और बच्चे सहित जान मारने की धमकी भरा पत्र भेजकर सनसनी पैदा कर दी है।अपराधियों ने पूर्व प्रमुख सह रालोजपा नेता से 20 लाख रुपये रंगदारी मांगते हुए कहा है कि पुलिस को जानकारी मिली तो अंजाम काफी घातक होगा।घर को भी बम से उड़ा दिया जाएगा।हालांकि पूर्व प्रमुख द्वारा एसपी से की गई शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए अलौली थाना अंतर्गत मेघौना के एक सीएसपी संचालक सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ किए जाने की सूचना मिल रही है।बात अलग है कि मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से फिलवक्त परहेज कर रहे हैं।सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों लोगों की पहचान थाना परिसर में पूर्व प्रखंड प्रमुख संजीव सहित कई जनप्रतिनिधि व पार्टी नेताओं को कराई गई।पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की मॉनिटरिंग किए जाने के कारण बहुत बातें खुलकर सामने नहीं आ रही है।मिल रही जानकारी के अनुसार पूर्व प्रमुख संजीव कुमार को बेगूसराय के डाकघर से धमकी भरा पत्र भेजते हुए अलौली थाना क्षेत्र में अब तक जनप्रतिनिधियों की हुई हत्या का उल्लेख अपराधी द्वारा किया गया है।पत्र के जरिए पूर्व में कई जनप्रिनिधियों की हुई हत्या की जिम्मेवारी ली गई है और कहा गया है कि अलौली में उसके गिरोह के दस साथी सक्रिय हैं।धमकी भरे पत्र के जरिए 20लाख रुपये रंगदारी मांगते हुए कहा गया है कि तुम बहुत पैसे वाले हो।अगर जान की सुरक्षा चाहते हो तो बेगूसराय के हर हर महादेव चौक पर 20लाख रुपये किसी वृद्ध व्यक्ति के मट माध्यम से दो दिनों के अंदर पहुंचा दो।

इधर स्थानीय लोगों का दबे जुंबा में कहना है कि बिहार में सुशासन व्यवस्था कुशासन में तब्दील हो गयी है।ऐसा इसलिए क्योंकि बचपन से सुनते आए थे कि किसी इंसान की मौत का टिकट भगवान ही काटते हैं, लेकिन आज के दौर में इंसानों की मौत का टिकट अपराधी काटने लगे हैं।इतना ही नहीं,भगवान के बदले अपराधी ही इंसान को अमर होने का वरदान भी देने लगे हैं।

स्थानीय लोगों ने अलौली प्रखंड के पूर्व प्रमुख संजीव कुमार से जुड़े मामले पर कहा है कि पूर्व प्रमुख संजीव कुमार के नाम से बेगूसराय से डाक के माध्यम से एक स्पीड पोस्ट आया,जिसमें N.X.P.T गैंग का डायरेक्टर बताकर 20 लाख रुपए का डिमांड किया गया है।पत्र में कहा गया है कि 02-08-2022 तक में बेगूसराय के हर-हर महादेव चौक पर संध्या 4 बजे या फिर 4 बजे सुबह में 55-60 वर्ष के व्यक्ति, वह भी मोची द्वारा 20 लाख रुपए पहुंचवा देना है।अगर ऐसा नहीं किया तो तुम्हारे साथ-साथ पत्नी व बच्चों को जान से मारते हुए घर को बम से उड़ा दिया जाएगा।

अपने आप को अलौली प्रखंड क्षेत्र में घटित विभिन्न हत्या मामलों का भी मास्टरमाइंड बताते हुए अपराधी ने सीधे तौर पर कहा है कि लेटर पढ़कर पुलिस-प्रशासन के पास गलती से भी मत जाना। पुलिस-प्रशासन कुछ नहीं कर सकता है।क्योंकि पुलिस-प्रशासन के वरीय अधिकारी को भी रुपए से मुंह भरकर रखते हैं।ज्यादा होशियारी दिखाया तो घर में पूरे परिवार की हत्या कर देंगे। घर को भी बम से उड़ा देंगे।

यहां यह कहने में कहीं संकोच नहीं है कि पूर्व में हुई हत्या के संदर्भ में जितनी बातें चिट्ठी में लिखी हुई है,वाकई में अलौली के विभिन्न क्षेत्रों में घटित हुई है। सबसे ज्यादा सोचनीय विषय है कि स्पीड पोस्ट के माध्यम से चिट्ठी भेजने वाले ने अब तक की गई हत्या का लिस्ट भी भेजा है।उसमें पूर्व प्रमुख संजीव कुमार और उनकी पत्नी,जो वर्तमान में मुखिया हैं,दोनों के नामों के सामने खाली स्थान छोड़कर इंगित करते हुए लिखा हुआ कि अब बारी इन दोनों की है।इतना ही नहीं,अंत में यह भी धमकी दिया है कि पुलिस के पास चिट्ठी लेकर मत जाना।इधर धमकी भरा पत्र मिलते ही पूर्व प्रमुख संजीव कुमार और उनके परिजनों के रात की नींद और दिन का चैन खो गया है।मामले को ले इलाके में तरह-तरह की चर्चा है।पुलिस कप्तान अमितेश कुमार पूरे मामले पर बारिक नजर रखते हुए पूरे मामले को खंगालने में लगे हैं।

प्रवीण कुमार प्रियांशु की रिपोर्ट