खगड़िया(प्रवीण कुमार प्रियांशु)।

जिले के बहादुरपुर ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुरा खुर्द पंचायत के अहुना शिशवा गांव में महज दो वर्षीय बालक की पानी भरे गड्ढ़े में डूबने से मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाबत खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है।मिल रही जानकारी के अनुसार, मुकेश साह का लगभग 2 वर्षीय पुत्र कुश कुमार खेलते-खेलते घर के पीछे चला गया और पानी भरे गड्ढ़े में लुढ़क गया।घर के सभी लोग अपने आपमें मगन थे,लेकिन कुछ देर बाद जब बच्चे को खोज शुरु हुई, तो बालक नाली वाले गड्ढ़े में मृत पड़ा मिला।मौत का शिकार हुआ बालक अपनी माँ-पिता और एक मात्र बड़े भाई के साथ ननिहाल अर्थात अहुना शिशवा निवासी भीखन साह के घर आया हुआ था।बच्चे का पैतृक घर अलौली प्रखंड अंतर्गत कामाथान ईचरुआ के तिलकनगर स्थित वार्ड नम्बर-18 में बताया जा रहा है।घटना के बाद से मौत के मुंह में समा चुके बालक के मां पिता सहित नाना-नानी का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

इधर, बहादुरपुर थानाध्यक्ष राॅबिन कुमार दास का कहना है कि, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेजा गया है।फिलहाल घटना के संदर्भ में स्पष्ट तौर पर कुछ भी कहना संभव नहीं है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का कारण स्पष्ट बताया जा सकता है।