60f57322b36e741b783a02f6cfd26e8e.webp

700159845066ef5d5955be37be5a41a3.webp

18630fa3a63f5c3c74bbf7adef437026.webp


एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया

47c0d7a44b84429ac979c9efe7267ba4.webp


खगड़िया। खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी डॉ. एन.के. यादव के समर्थन में खगड़िया स्थित एक निजी होटल में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने स्नातक मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। प्रेसवार्ता में विधायक बबलू मंडल, विधायक बाबूलाल तथा एनडीए के विभिन्न घटक दलों के जिलाध्यक्ष एवं नेता उपस्थित रहे।

b9fe2df1f4dc7ac7deca65ade31c0108.webp


सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि हम सभी एकजुट होकर कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए के प्रत्याशी डॉ. एनके. यादव के पक्ष में मतदान करने के लिए सभी मतदाताओं से अपील करते हैं। साथ ही, हमारा निवेदन है कि यदि हम अपने क्षेत्र का विकास चाहते हैं, तो ऐसे व्यक्ति को विधान परिषद में चुनकर भेजना चाहिए, जो संवाद करे। जहां विवाद की राजनीति होती है, वहां विकास अवरुद्ध होता है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष का कोई प्रत्याशी जीतकर जाता है, तो वह केवल विरोध की राजनीति करता है। जहां विरोध की राजनीति होती है, वहां विकास की गति प्रभावित होती है। वर्तमान में केंद्र और राज्य, दोनों जगह एनडीए की सरकार है। ऐसे में एनडीए का विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होकर जाता है, तो क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने में सहूलियत होगी।

सांसद ने कहा कि कोसी क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी डॉ. एन.के. यादव ने लंबे समय तक राजनीति की है। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के राजनीतिक जीवन का उदय भी इसी क्षेत्र से जुड़ा रहा है। परबत्ता, तारापुर, भागलपुर और खगड़िया से उनका विशेष लगाव रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में जिस तरह चहुंमुखी विकास हो रहा है, वह हम सभी के लिए गर्व का विषय है। ऐसे में एनडीए प्रत्याशी डॉ. एन.के. यादव की जीत से क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।

उन्होंने स्नातक मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता यह समझें कि कौन विकास की बात करता है और कौन केवल विरोध की राजनीति करता है। क्षेत्र की बेहतरी और विकास के लिए एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें।

14 जिलों के विकास के लिए समन्वय बनाकर करेंगे काम

सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार 14 जिलों तक है और विधान परिषद सदस्य के पास उपलब्ध विकास निधि सीमित होती है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि का क्षेत्र में नियमित आवागमन और लोगों से संवाद बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी डॉ. एन.के. यादव का क्षेत्र में आवागमन होता रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि सभी 14 जिलों के लिए एक संगठनात्मक ढांचा तैयार कर सामूहिक रूप से काम किया जाएगा। क्षेत्र के विकास के लिए वे स्वयं भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। पूर्व में क्षेत्र के छह विधायकों में से पांच विपक्ष के थे, जिसके कारण एनडीए के जनप्रतिनिधियों के बीच अपेक्षित समन्वय स्थापित करने में कठिनाइयां आती थीं। अब सभी छह विधायक और सांसद एनडीए से हैं। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे और आगामी छह वर्षों में क्षेत्र की विकास संबंधी कमियों को दूर करने का प्रयास करेंगे।

विद्यालयों में बेंच-डेस्क की कमी दूर करने का आश्वासन

प्रेसवार्ता के दौरान सांसद राजेश वर्मा ने विद्यालयों में बेंच-डेस्क की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या पर्याप्त है, लेकिन बैठने के लिए बेंच-डेस्क उपलब्ध नहीं हैं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि वे अपने निजी प्रयासों और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद के माध्यम से विद्यालयों में बेंच-डेस्क उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास होगा कि कोई भी विद्यालय बेंच-डेस्क की कमी से प्रभावित न रहे। सरकार भी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

एनडीए के कई नेता एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित

प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, जनता दल (यूनाइटेड) की जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के जिलाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि डॉ. पवन जायसवाल सहित एनडीए के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी डॉ. एनके. यादव के समर्थन में मतदाताओं से मतदान की अपील की।