एसडीएफ न्यूज ब्यूरो,खगड़िया

481b33d82626884671d7799943a0e736.webp


खगड़िया में किसानों की वर्षों पुरानी परेशानी को लेकर एक बड़ी पहल सामने आई है। इटवा स्लुइस गेट के समीप लंबे समय से जमा गाद की निकासी का काम शुरू हो गया है। जलजमाव के कारण पिछले दो वर्षों से खेती प्रभावित होने की बात सामने आ रही थी। अब इस पहल से सैकड़ों किसानों की हजारों एकड़ जमीन पर दोबारा खेती शुरू होने की उम्मीद जगी है।

f631b63e02d26795183b09308be676bc.webp


दरअसल, इटवा स्लुइस गेट के पास गाद जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित थी। इसका असर आसपास के कृषि क्षेत्रों पर पड़ रहा था। किसानों के मुताबिक, खेतों में पानी जमा रहने से लगातार दो वर्षों तक उनकी खेती प्रभावित हुई और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

8a00953c0b9dde89c42371f3d23410b0.webp


इस समस्या के समाधान के लिए सांसद राजेश वर्मा की पहल पर उनके निजी कोष से पोकलेन मशीन लगवाकर गाद निकासी का कार्य शुरू कराया गया है। मंगलवार को सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल की मौजूदगी में सफाई कार्य शुरू हुआ।

60f9eb6aff9b26d8201c0c731dedbb68.webp


किसान सिकंदर कुमार यादव का कहना है कि इस समस्या को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही थी। कई लोग किसानों की परेशानी को लेकर यहां पहुंचे, लेकिन अब सांसद की पहल पर धरातल पर काम शुरू हुआ है।

किसानों को उम्मीद है कि गाद की सफाई पूरी होने और जलनिकासी सुचारू होने के बाद खेतों से पानी निकल सकेगा और वे रबी फसल की बुआई कर पाएंगे।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, पार्टी प्रवक्ता आशुतोष कुमार, विकास कुमार, निशांत प्रताप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।