अररिया(मनीष सिंह)।

 

पूर्व सांसद सह जाप सुप्रीमो राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि,वोट के समय जनता नेताओं के बहकावे में आकर मतदान कर नेताओं को सिंहासन पर बिठा देती है,लेकिन बाद में भ्रष्ट नेताओं के आगे गिड़गिड़ाना पड़ता है।जनता अगर सोच-समझकर मतदान करे,तो बाद में भ्रष्ट नेताओं का चौखट चूमना नहीं पड़ेगा।जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो सह मधेपुरा के पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पटना जाने के क्रम में जाप कार्यकर्ताओं से फारबिसगंज में मुखातिब हुए थे।प्रदेश सचिव शेख तालिब के नेतृत्व में जाप कार्यकर्ताओं ने फारबिसगंज में एनएच 28 पर उन्हें फूल मालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया।जाप सुप्रीमों पप्पू यादव ने कहा कि,छात्र संघ के आगामी चुनाव में पटना के ही तर्ज पर जाप पूरे बिहार भर में काॅलेज के सभी पदों पर चुनाव लड़ेगी।इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं से तैयारी शुरु कर देने की अपील की।पूर्व सांसद ने कहा कि,बिहार में भ्रष्टाचारी और अपराधियों का मनोबल चरम पर है।अधिकारियों का हर जगह बोलबाला है।नतीजतन गरीब सहित आम-आवामों को हर तरफ से कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।पप्पू यादव ने कहा कि,जनता वोट के समय नेताओं के बहकावे में आकर पैसा और साड़ी के चक्कर में पड़ जाती है।अपनी असली ताकत भूल जाती है और फिर उन्हें पांच साल तक भ्रष्ट नेताओ के आगे खुद गिड़गिड़ाना पड़ता है।उन्होंने कहा कि,जाप के तमाम कार्यकर्ता छात्र व आम-आवामों के हित की लड़ाई सदैव लड़ते रहते हैं।मौके पर दीपक दिलवर,सरफराज खान,आफताब जिया,असद जिया,जुनैद आलम सोनू, सुबोध कुमार,ऋषव कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता व अन्य लोग मौजूद थे।