बिहार के जमुई जिले में बेखौफ

 

अपराधियों ने एक बार फिर दिनदहाड़े एक दैनिक अखबार के पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी।अपराधियों ने पत्रकार के सीने और सिर में पांच गोलियां दागी।नतीजतन उनकी दर्दनाक मौत हो गई।घटना जिले के सिमुलतल्ला थाना इलाके की है।बाइक सवार अपराधियों ने पत्रकार के घर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित गोपालामारण गांव के समीप घटना को अंजाम दिया।

मौत के शिकार हुए पत्रकार का नाम गोकुल यादव है,जो सिमुलतला इलाके के लीलावरण गांव के रहने वाले थे।बताया जा रहा है कि जमुई जिले के सिमुलतला प्रखंड से एक दैनिक अखबार के लिए काम करने वाले 35 वर्षीय गोकुल यादव को बाइक सवार अपराधियों ने तब निशाना बनाया,जब वह अपने घर से नाश्ता कर दिन के लगभग 11 बजे फसल में डालने के लिए दवा लाने सिमुलतला जा रहे थे।पत्रकार को देखते ही घर से लगभग 1किलोमीटर की दूरी पर पूर्व से घात लगाए दो बाइक पर सवार अपराधियो ने ताबड़तोड़ गोली चलानी शुरु कर दी।पांच गोलियां लगने से बुरी तरह जख्मी पत्रकार को परिजन सदर अस्पताल लेकर आए,लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार इस हत्या के पीछे चुनावी रंजिश बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि गोकुल यादव की पत्नी इस बार पंचायत चुनाव में खुरंडा पंचायत से मुखिया पद के लिए चुनाव लड़ी थी।जीत तो नहीं सकी,चुनाव लड़ने को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से विवाद उत्पन्न हो गया।बीते कुछ दिन पहले गांव के ही लोगों ने पत्रकार गोकुल यादव के साथ मारपीट भी की थी।घटना को लेकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

इधर,इस घटना से मर्माहत नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता,प्रदेश अध्यक्ष अबोध ठाकुर,प्रदेश सचिव राजेश सिन्हा,खगड़िया जिलाध्यक्ष सुमलेश कुमार,जिला सचिव विजय कुमार,प्रवीण कुमार प्रियांशु,अमिष कुमार सहित अन्य ने कहा है कि पत्रकार गोकुल कुमार के हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी करते हुए स्पीडी ट्रायल कराकर सजा दी जानी चाहिए।इतना ही नहीं,पत्रकार के परिजनों को उचित मुआवजा देते हुए सुरक्षा मुहैया कराई जाय।