राजेश सिन्हा

कोविड के दूसरे लहर पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा पूरी तरह से कमर कस लिया गया है।इसी कड़ी में सब्जी के थोक और खुदरा विक्रेताओं को आगामी दो दिनों के अंदर हर हाल में बाजार समिति प्रांगण में बाजार लगाने का आदेश दिया गया है।खगड़िया के जिलाधिकारी डॉक्टर आलोक रंजन घोष की अध्यक्षता में 18मई को आयोजित बैठक में भी इस बात पर सहमति बन गई है।सब्जी मंडी को बाजार समिति प्रांगण के मैदान में लगाने के बाबत सब्जी विक्रेताओं के एसोसिएशन के साथ वार्ता की गई है एवं निर्देशित कर दिया गया है कि बाजार समिति के खुले मैदान चिन्हित स्थल पर सब्जी मंडी लगाना सुनिश्चित करें।कोविड महामारी के दूसरे लहर में संक्रमण के नियंत्रण के लिए यह जरुरी है।बताया गया है कि लॉकडाउन के दौरान कोविड के सक्रिय मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है।अतः सब्जी मंडी को बाजार समिति में स्थानांतरित करने के निर्देश का अनुपालन जरुरी है,ताकि कोविड से संघर्ष और इसको सीमित करने में सफलता प्राप्त हो सके।इतना ही नहीं,खगड़िया कोविडमुक्त भी हो सके।

यह भी कहा गया है कि राजेंद्र चौक स्थित भीड़-भाड़ वाले सब्जी मंडी को स्थानांतरित किया जाना शहर के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।किसी भी परिस्थिति में वहां जगह की कमी को देखते हुए सब्जी मंडी लगाने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने को ले इसे वहां से हटाया जाना आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने खगड़िया के थोक सब्जी मंडी को भी बाजार समिति में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया।इसके लिए अलग स्थान सीमांकित किए जाने की बात कही।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि फल मंडी को नहीं हटाया जाएगा और यह मंडी वर्तमान स्थान पर बनी रहेगी।उन्होंने ठेला सब्जी विक्रेताओं को वार्डवार टैगिंग कराने और घूम-घूमकर घर-घर सब्जी बेचने का भी निर्देश दिया।जैसा कि गत वर्ष कोविड संक्रमण के दौरान किया गया था।

जिलाधिकारी ने सब्जी मंडी को बाजार समिति में ले जाए जाने का अनुपालन एवं अनुश्रवण अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने थोक और खुदरा सब्जी विक्रेता एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सूचित किया कि बाजार समिति के मैदान में सारी तैयारियां की जा चुकी है और विक्रेताओं के लिए स्थान सीमांकित किया जा चुका है। उन्होंने 2 दिनों के अंदर बाजार समिति में सब्जी मंडी प्रारंभ करने का निर्देश दिया।डीएम ने कहा कि सभी सब्जी विक्रेता जाकर बाजार समिति का भ्रमण करें एवं अपना निर्धारित स्थान देख लें।जो भी सब्जी विक्रेता आदेश नहीं मानेगा,उस पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।इस कार्य में खगड़िया के अनुमंडल पदाधिकारी को एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य भी सहयोग करें।

जिलाधिकारी ने सुबह 5 बजे से 11 बजे तक बड़े वाहनों के बाजार प्रवेश पर भी रोक लगाने का निर्देश संबंधित थानाध्यक्षों को दिया, ताकि जाम जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हो।उन्होंने स्पष्ट कहा कि किराना,खुदरा,थोक या अन्य व्यापारी अपने माल की अनलोडिंग रात में 8 बजे से सुबह 5 बजे तक कराएं।दिन में बड़े वाहनों को खड़ा करने के लिए चौड़े मार्गों, राजमार्गों के किनारे स्थान चिन्हित करने का काम प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष करेंगे।डीएम द्वारा बाजार में बड़े वाहनों को नियंत्रित करने का निर्देश खगड़िया के नगर थानाध्यक्ष को दिया गया।बिना पास के घूम रहे वाहनों पर जुर्माना लगाने का भी निर्देश जारी किया गया है।जिलाधिकारी ने लॉकडाउन के सख्ती से अनुपालन का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक को दिया।

इस अवसर पर खगड़िया के अनुमंडल पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार,पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार, खगड़िया के एएसडीएम मोहम्मद नवाजिश अख्तर, प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन, अंचलाधिकारी अरुण कुमार सरोज,खगड़िया नगर परिषद के कनीय अभियंता,रौशन, सब्जी विक्रेता एसोसिएशन के विनय कुमार गुप्ता,शैलेंद्र मंडल इत्यादि के साथ खगड़िया चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अशोक सर्राफ भी उपस्थित थे।