खगड़िया।

   

अपराधियों के आगे पुलिस प्रशासन बेवस है और बिहार में मौत का तांडव चरम पर है।स्थिति यह है कि आम लोगों की कौन कहे,जनप्रतिनिधियों की हत्या भी थमने का नाम नहीं ले रहा है।राज्य सरकार के मंत्री पटना में बैठकर जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को ले बयानबाजी तो कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि जनप्रतिनिधियों का खून अपराधियों द्वारा लगातार बहाया जा रहा है।उक्त बातें जन अधिकार पार्टी (लो.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने जिले के मोरकाही स्थित सैनिक लाइन होटल पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।जाप सुप्रीमों पप्पू यादव ने खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड स्थित चातर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष डॉक्टर चंदन यादव की अपराधियों द्वारा दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने को लेकर विधि व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर अपराधियों को हिम्मत कहां से मिलती है,जो दिनदहाड़े गोली मार हत्या कर निकल लेता है।

उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार अपराधी और माफियाओं के गठजोड़ से चल रही है।इसी कारण अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंच चुका है।पुलिस का भय अपराधियों के बीच नहीं रह गया है।यही कारण है कि पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में पूर्णतः विफल साबित हो चुकी है।जिसका जीता जागता उदाहरण है कि दिनदहाड़े बीच गांव में एक जनप्रतिनिधि की हत्या कर दी जाती है।

पूर्व सांसद सह जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने पैक्स अध्यक्ष चंदन यादव की हत्या में शामिल सभी अपराधियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा देने की मांग सरकार से की और कहा कि अपराधियों की जगह जेल नहीं श्मशान है।उन्होंने आक्रोशित लहजे में कहा कि अपराधियों को जीने का कोई हक नहीं होना चाहिए।उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे बीजेपी नेता ने खुलेआम कह दिया कि थानों में कुर्सी नहीं मिलता है।विभिन्न थानों में अपराधी और माफिया के अनुसार थानेदारी चलती है।

श्री यादव ने वर्तमान स्थिति पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि लगभग 70% प्रतिशत युवा कोरेक्स,सुलेशन और स्माइक का शिकार हो चुके हैं।बेरोजगारी सभी सीमाएं पार कर गयी है। महज पाँच हजार रुपए में किसी की भी हत्या कर दी जाती है।

जाप प्रमुख ने समाज के लोगों को नसीहत देते हुए कहा कि समाज अपराधियों को संरक्षण कतई न दें।अपराधियों की ना ही कोई जात होती है और ना ही कोई उनका अपना होता है।नेता वोट के लिए अपराधियों को संरक्षण देता है और वही अपराधी बेखौफ होकर बड़ी से बड़ी वारदात को अंजाम देता है।

पप्पू यादव ने पटना की चर्चा करते हुए कहा कि राजीव नगर एवं नेपाली नगर मामले में अधिकारी,विधायक और माफियाओं की पूर्णत: संलिप्तता है।सवाल यह उठता है कि आखिर सरकारी जमीन कैसे बेच दी गई।जबकि तीस साल से वहां बीजेपी के मेयर हैं।फिर भी सारा मास्टर प्लान चौपट कैसे हुआ? इससे साफ स्पष्ट है कि पूरा शासन इस मामले में संलिप्त है।पप्पू यादव ने कहा कि बिहार माफियाओं के हाथों में गिरवी रख दिया गया है।इसका मलाई सत्ता और विपक्ष दोनों खा रहा है।

बिहार में जमीन माफिया,बालू माफिया और शराब माफियाओं का बोलबाला है।इसके बलबूते ही लोकतंत्र और आम लोगों के अधिकार को रौंदा जा रहा है।पप्पू यादव ने एक बार फिर बिहार के विपक्ष पर हमला करते हुए विपक्ष को बीजेपी का बी टीम बता दिया।उन्होंने कहा कि बिहार में नंगा नाच हो रहा है। विपक्ष ना तो निकलता है और ना ही कुछ बोलता है। यह सिर्फ चुनाव के वक्त जाति की गीत गाकर सिर्फ वोट लेने को निकलेगा।पप्पू यादव ने कहा कि बीजेपी ईडी के द्वारा विपक्ष को डराने की कोशिश कर रही है,जो कभी सफल नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि तैंतीस हजार करोड़ रुपये लगाकर महाराष्ट्र की सरकार को गिराया गया।अब बीजेपी झारखंड की सरकार तोड़ रही है।दस-दस करोड़ रुपए असम के मुख्यमंत्री ने सात विधायकों को दिया।दो विधायक भाग गए।एक विधायक ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री ने मुझे दस करोड़ का ऑफर दिया।बावजूद इसके अभी तक ईडी ने असम के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार क्यों नहीं किया?बीजेपी का दफ्तर चार चार करोड़ से बना है।सवाल उठता है कि यह पैसा कहां से आया?विपक्ष पर लगातार ईडी का रेड तो पड़ रहा है,लेकिन सत्ता पक्ष पर ईडी क्यों नहीं कार्रवाई कर रही है?

पूर्व सांसद पप्पू यादव ने कहा कि महंगाई सातवें आसमान पर है।सालाना दो करोड़ नौकरी कहाँ गया?प्रधानमंत्री ने कहा था कि किसान के द्वारा उत्पादित सामग्रियों पर टैक्स नहीं लगेगा।लेकिन सबसे ज्यादा जीएसटी किसानों द्वारा उत्पादित सामग्रियों पर लगा दिया गया।पप्पू यादव ने ईडी पर हमला बोलते हुए कहा कि ईडी का मतलब लोकतंत्र को मिटाना और विपक्ष को डराना रह गया है।उन्होंने कहा कि जो बीजेपी व आरएसएस के खिलाफ बोलेगा,ईडी उसको नोटिस भेजकर मानसिक रूप से परेशान करेगा।

प्रेस वार्ता के दौरान जन अधिकार युवा परिषद के जिला अध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू,जन अधिकार युवा परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष आशुतोष कुमार यादव,युवा शक्ति के जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार,युवा शक्ति के जिला महासचिव राजेश कुमार यादव,जिला सचिव अजीत कुमार पप्पू,जवाहर यादव,कवि रंजन यादव, नीतीश कुमार यादव,गुड्डू सिंह,इंकू सिंह,पूर्व पंसस रायबहादुर सिंह,दयानंद यादव,रतन कुमार सिंह, आईटी सेल के मंचन कुमार, धीरज कुमार, संतोष कुमार सहित दर्जनों जन अधिकार पार्टी एवं युवा शक्ति के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

गौरव सिन्हा की रिपोर्ट