राजेश सिन्हा

मानसून काल के दस्तक पूर्व आज सोमवार अर्थात 17 मई को खगड़िया के जिलाधिकारी डॉक्टर आलोक रंजन घोष द्वारा परबत्ता अंचल स्थित तेमथा करारी जमींदारी बांध एवं लगार जमींदारी बांध के कटाव- निरोधी कार्यों का न केवल निरीक्षण किया गया,बल्कि ससमय कार्य पूर्ण करने का निर्देश भी बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल 1के कार्यपालक अभियंता के नाम जारी किया।

बताया जा रहा है कि तेमथा करारी एवं लगार जमींदारी बांधों के कटाव निरोधी कार्यों के लिए क्रमशः 34.20 लाख एवं 97.30 लाख राशि प्राक्कलित की गई है।जानकारी के मुताबिक तेमथा करारी जमींदारी बांध में मिट्टी भराई का कार्य करते हुए इसके ऊंचीकरण एवं चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है।इतना ही नहीं,बाढ़ के दौरान गंगा के पानी से प्रभावित होने वाले लगार जमींदारी बांध पर जिओ बैग से पीचिंग का काम कर बांध को कवर अप भी कराया जा रहा है।बताया गया कि तेमथा करारी जमींदारी बांध का कार्य लगभग 75% पूरा हो गया है।आगामी 25 मई तक कार्य समाप्त कर लिया जाएगा,जबकि लगार जमींदारी बांध में 50% कटाव निरोधी कार्य पूरा हुआ है और मई माह के अंत तक कार्य पूर्ण होने की संभावना है।

कार्य की गुणवत्ता से जिलाधिकारी संतुष्ट दिखे और उन्होंने ससमय काम को पूरा करने का निर्देश बाढ़ नियंत्रण, प्रमंडल 1 के अधीक्षक अभियंता अमर कुमार को दिया।इस अवसर पर गोगरी के अनुमंडल अधिकारी सुभाष चंद्र मंडल,बाढ़ नियंत्रण, प्रमंडल 1 के सहायक अभियंता रामकुमार सिंह एवं कनीय अभियंता विजय कुमार उपस्थित थे।