खगड़िया(अनिकेत सिन्हा)।

   

चार दिवसीय महापर्व शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए जिला अधिकारी डॉक्टर आलोक रंजन घोष और पुलिस कप्तान अमितेश कुमार सहित तमाम प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को साधुवाद दिए जाने का दौर शुरु हो गया है।इसी कड़ी में खगड़िया नगर परिषद के नगर सभापति राकेश कुमार पासवान ने कहा कि,शांतिपूर्ण माहौल में महापर्व छठ सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन साधुवाद का पात्र है।

 

सदर प्रखंड अंतर्गत मथुरापुर छठ घाट पर अर्घ्य दिए जाने के पश्चात उन्होंने कहा कि,जिला पदाधिकारी डॉक्टर आलोक रंजन घोष और पुलिस कप्तान अमितेश कुमार छठ पर्व के पन्द्रह दिन पहले से स्थिति का मुआयना करने में लगे रहे।स्थिति परिस्थिति पर नजर रखते हुए डीएम-एसपी के आदेश पर चप्पे-चप्पे में मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी।जगह जगह गोताखोर चौकन्ना था कुल मिलाकर बेहतरीन व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए डीएम-एसपी की जितनी भी प्रशंसा की जाय,कम ही होगी।

इधर,अन्य जगहों की तरह सदर प्रखण्ड अंतर्गत रानी सकरपुरा पंचायत निवासियों ने भी उल्लासपूर्ण और श्रद्धापूर्वक महापर्व छठ मनाया।पंचायत निवासी पंडित महादेव पाठक बताते हैं कि,इस व्रत में सूर्य देवता की पूजा की जाती है,जो प्रत्‍यक्ष दिखते हैं और सभी प्राणियों के जीवन के आधार भी हैं।

   

उन्होंने छठ पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि,सूर्य के साथ-साथ षष्‍ठी देवी व छठ मैया की भी पूजा की जाती है।पौराणिक मान्‍यता के अनुसार, षष्‍ठी माता संतानों की रक्षा करती हैं और उन्‍हें स्‍वस्‍थ और दीघार्यु बनाती हैं। इस अवसर पर सूर्यदेव की पत्नी उषा और प्रत्युषा को भी अर्घ्य देकर प्रसन्न किया जाता है।

उन्होंने कहा कि,छठ व्रत में सूर्यदेव और षष्ठी देवी दोनों की पूजा साथ-साथ की जाती है।इस तरह ये पूजा अपने आप में बेहद खास है। वहीं श्रद्धालु कुंदन पाठक ने बताया कि,लोकपर्व छठ या सूर्यषष्‍ठी पूजा का फैलाव देश-विदेश के उन भागों में भी हो गया है,जहां बिहार-झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग जाकर बस गए हैं।सूर्य सभी प्राणियों पर समान रुप से कृपा करते हैं।वे किसी तरह का भेदभाव नहीं करते।इस पूजा में वर्ण या जाति के आधार पर भेद नहीं होता है।

इस पूजा के प्रति समाज के हर वर्ग-जाति में गहरी श्रद्धा देखी जाती है।हर कोई मिल-जुलकर,साथ-साथ इसमें शामिल होता है।हर जाति-धर्म-के लोग इस पूजा को कर सकते हैं।