खगड़िया(ज्योति कुमारी)।

जिले के चौथम थाना अंतर्गत मालपा गांव के समीप बागमती नदी में समा चुकी दो सगी बहनों का आज तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका।हालांकि आज बुधवार को भी एसडीआरएफ की टीम मोटर बोट से बागमती नदी को खंगालती रही।दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीण भी प्राइवेट नाव पर सवार होकर नदी में खोजबीन करते रहे।बता दें कि,जिले के चौथम थाना अंतर्गत मालपा गांव के समीप बागमती नदी में दो बहनें एक दूसरे को बचाने के प्रयास में बागमती नदी में एक साथ डूब गई थी।बीते 10 अक्टूबर को घटित घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि, मालपा गांव निवासी जगन शर्मा की दो बेटियां शौच करने के दौरान बागमती नदी के तट पर गई थी।इसी दौरान दोनों बहनों को बागमती ने लील लिया।जगन शर्मा की बेटी लक्ष्मी कुमारी व वर्षा कुमारी शौच करने के लिए नदी के किनारे गई हुई थी।इसी दौरान एक बहन नदी में गिर गई।उसको बचाने के प्रयास में दूसरी बहन भी नदी में डूब गई थी।

इधर,बुधवार को भी डीएम डॉक्टर आलोक रंजन घोष के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम एसआई वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में दिन भर मालपा घाट से लेकर डुमरी पुल तक बागमती नदी में चक्कर काटती रही।लेकिन,दोनों का कोई अता-पता नहीं चल सका।प्राइवेट नाव से नदी में लापता बहनों की खोजबीन में ग्रामीण सहित परिजन भी परेशान रहे।बहरहाल,दोनों बहनों के लापता होने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।