गौरव सिन्हा

                                                        

पंचायत चुनाव खत्म होते ही नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों पर शामत सी आ गई है।नतीजतनन मुखिया सहित अन्य प्रतिनिधि सहमे सहमे नजर आ रहे हैं।बात अगर खगड़िया की करें,तो बीते बुधवार को सदर प्रखंड अंतर्गत दक्षिणी भदास पंचायत में जो नजारा दिखा, वह बेहद चिंतनीय है।मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधि पर हुए जानलेवा हमला को लेकर हर कोई हतप्रभ है।इधर जन अधिकार युवा परिषद के जिलाध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र भेजकर घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने एवं मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधि को अविलंब बेशर्त आर्म्स का लाइसेंस देने की मांग की है।उन्होंने कहा है कि,संपूर्ण बिहार में पंचायत चुनाव संपन्न होते ही नवनिर्वाचित मुखिया पर जानलेवा हमला शुरु हो गया है।कई नवनिर्वाचित मुखियाओं को तो जान से हाथ भी धोना पड़ा है।श्री गुड्डू ने कहा है कि,वर्तमान समय में नवनिर्वाचित मुखिया पर हो रहे हमले पर सरकार गंभीर नहीं हुई,तो आने वाला समय कितना बुरा होगा, उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है।शपथ ग्रहण से पूर्व कई मुखिया की हुई हत्या से भी सरकार को कोई सीख नहीं मिल रही है।उन्होंने कहा कि खगड़िया जिले के कई मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधियों की हत्या पिछले पंचायती कार्यकाल में भी हो चुकी है। हर एक हत्या के बाद जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मुखिया को आर्म्स का लाइसेंस देने की बात तो कहीं जाती रही है, परंतु उक्त बातें सिर्फ और सिर्फ आश्वासन ही साबित होकर रह जाता है। पंचायत चुनाव 2021 के बाद लगातार बिहार में हो रहे मुखिया की हत्या पर पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी जी की ओर से मुखिया को सुरक्षा हेतु आश्वासन देने की घोषणा की गई है,लेकिन उक्त घोषणा भी अखबारों में ही सुर्खियां बटोरने तक सीमित रहा।अब समस्या इस बात को लेकर है कि, मुखिया ग्राम पंचायत के विकास में योगदान दें या फिर अपनी जान की सुरक्षा में पूरा समय लगा दें।जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि सच में सरकार मुखिया एवं उनके परिजनों के की सुरक्षा के लिए गंभीर है तो अविलंब बिहार के सभी मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधियों को बेशर्त आर्म्स का लाइसेंस मुहैया कराने का आदेश जिला अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को दिया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि, साथ ही साथ जिन-जिन मुखिया की हत्या अपराधियों ने सत्ता प्राप्ति के लिए किया है,उन दिवंगत मुखिया के परिजन को मुखिया घोषित करें।ताकि,अपराध पर अंकुश लग सके। श्री गुड्डू ने कहा कि इसी प्रकार की एक और घटना दिनांक 29-12-2021 की देर रात्रि खगड़िया जिले के दक्षिणी भदास पंचायत की मुखिया पूजा कुमारी एवं मुखिया प्रतिनिधि संजीव कुमार के कार्यालय पर दर्जनों हथियारबंद अपराधियों ने जानलेवा हमला किया।मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधि तो भाग कर किसी प्रकार जान बचाने में सफल रहे, लेकिन,अपराधियों ने मुखिया के कार्यालय एवं उनके चार पहिया वाहन को आग के हवाले कर दिया। उक्त घटना से जिले के अन्य नवनिर्वाचित मुखिया में भी भय का माहौल फैल चुका है।उन्होंने खगड़िया के दक्षिणी भदास के मुखिया पर हुए हमले में शामिल अपराधियों एवं षड्यंत्रकारियों पर कार्रवाई के साथ-साथ सभी मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधियों को आर्म्स का लाइसेंस निर्गत करने की मांग को दोहराया है।