मोहम्मद नैयर आलम

बेलदौर(खगड़िया)।थाना क्षेत्र के कई जगहों पर दूसरी की जमीन पर कब्जा कर घर बनाने का मामला प्रकाश में आ रहा है।हालांकि लगातार जमता दरबार आयोजित किए जाने के बाद भी सीओ और थानेदार मामले को क्यों नहीं सुलझा पा रहे हैं,यह आश्चर्य का विषय है।ताजा मामले की बात करें,तो बेलदौर थाना के बेला नवाद पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 11 निवासी लगभग 60 वर्षीय सिकंदर शर्मा ने थाना अध्यक्ष को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।पीड़ित सिकंदर शर्मा का कहना है कि उनके ही गांव के 32 वर्षीय मनीष कुमार द्वारा दबंगई दिखाते हुए देसी कट्टा से लैस होकर उनकी निजी रैयती जमीन पर पक्के घर का निर्माण कर रहे हैं।जब घर बनाने से मना किया गया,तो उनके पुत्र टिंकू उर्फ संदीप शर्मा को जान से मारने की धमकी दी गई और कहा गया कि चले जाओ नहीं,तो गोली मार देंगे।सिकंदर शर्मा के मुताबिक उक्त जमीन का खाता 44 और खेसरा नंबर 240 है,जबकि रकबा 17 कट्ठा दस धूर है।पीड़ित सिकंदर शर्मा ने यह भी कहा है कि उनके घर से पंचायत चुनाव में मुखिया के पद पर कोई एक पारिवारिक सदस्य खड़ा होने वाला है।इसी बात से नाराज होकर नामित व्यक्ति उनकी जमीन पर घर का निर्माण कर रहा है।सिकंदर शर्मा के मुताबिक जब उनकी जमीन का कागज पत्तर ठीक है,तो देर से ही सही,हम प्रशासन के सहयोग से अपनी जमीन पर कोई भी निर्माण करेंगे।इधर थानाध्यक्ष संतोष कुमार का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है। विधिसम्मत कार्रवाई होगी।