खगड़िया(प्रवीण कुमार प्रियांशु)।

जिले के अलौली प्रखंड अंतर्गत चांदपुरा खुर्द पंचायत के कंठारी गांव में दीपावली की देर शाम सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ की मौत हो गयी।शुम्भा-विशनपुर पथ पर घटित इस घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि, बहादुरपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत चांदपुरा खुर्द पंचायत के कंठारी गांव निवासी स्वर्गीय रामोतार सदा का 40 वर्षीय पुत्र भूषण सदा देर शाम घर के समीप ही टहल रहा था।इसी दौरान खगड़िया की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक चालक ने उसे जबर्दस्त ठोकर मार दिया।गंभीर रुप से जख्मी भूषण सदा को स्थानीय लोगों की मदद से अहुना गांव स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया।उपचार के बाद भूषण घर चला गया,लेकिन देर रात उसकी तबियत बिगड़ गई और वह मौत का शिकार हो गया।परिजनों का कहना कि इलाज के लिए अस्पताल ले जाए जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।हालांकि बाइक सवार दोनों युवक शुंभा पंचायत का ही बताया जा रहा है।नतीजतन घटना की सूचना पुलिस को नहीं देकर आपसी सहमति से आपस में बैठकर मामले को सुलझा लिया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि,मृतक गांव-प्रदेश में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।वह अपने घर-परिवार का इकलौता कमाउ सदस्य था।इधर बहादुरपुर थानाध्यक्ष राॅबिन कुमार दास का कहना कि,शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाबत खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया गया है।बहरहाल,घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।