खगड़िया।

   

   

पंच सरपंच व त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिनिधियों की लगातार हो रही हत्या व जानलेवा हमले से नाराज पंच-सरपंच संघ द्वारा शासन-प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए आगामी 5अगस्त को धरना-प्रदर्शन किए जाने का एलान किया गया है।बिहार प्रदेश पंच- सरपंच संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह खगड़िया जिलाध्यक्ष किरण देव यादव ने पत्रकारों को बताया कि राज्यव्यापी आह्वान पर आगामी 5 अगस्त को खगड़िया जिला समाहरणालय के समक्ष संघ द्वारा 11 सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन व सभा किया जाएगा।उन्होंने पंच-सरपंच एवं त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों पर जानलेवा हमले,हत्या तथा झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि पंच सरपंचों को सम्मान, सुरक्षा व सुविधा के साथ-साथ वेतन दिए जाने की मांग तो की ही जाएगी,बीमा भत्ता, पेंशन अधिकार देने,एमएलसी चुनाव के लिए वोटर बनाने, ग्राम कचहरी को सर्व सुविधा संपन्न करने,लंबित मानदेय भुगतान करने,वेतन वृद्धि करने,एमपी,एमएलए व एमएलसी की तरह अधिकार में चौथाई हिस्सा पंच सरपंचों को देने,पंच-सरपंच एवं त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों पर हमला व उनकी हत्या करने सहित फर्जी मुकदमा दर्ज करने पर रोक लगाने आदि मांगों को लेकर जनतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से धरना-प्रदर्शन व सभा किया जाएगा।

श्री यादव ने कहा कि जिले के पंच-सरपंचों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया है।आंदोलन के दौरान वार्ड संघ के अध्यक्ष,मुखिया संघ के अध्यक्ष एवं समान विचारधारा वाले समाजसेवियों को सभा को संबोधित करने एवं समर्थन देने के लिए आमंत्रित किया गया है।श्री यादव ने कहा कि अलौली में प्रखंड अध्यक्ष श्ववण कुमार, खगड़िया में राजेंद्र यादव व अर्जुन महतो,मानसी में मनोज कुमार,परबत्ता में रीना कुमारी, चौथम में पंकज भगत,बेलदौर में कुलदीप सिंह तथा गोगरी में बंटी देवी के नेतृत्व में व्यापक भागीदारी को ले संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।श्री यादव ने यह भी कहा कि प्रथम चरण के इस आंदोलन के बाद भी यदि मांगे पूरी नहीं हुई तो पटना में राज्य स्तरीय आंदोलन कर पंच परमेश्वर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।

गौरव सिन्हा की रिपोर्ट