गौरव सिन्हा

खगड़िया जिले के विभिन्न प्रखंडों में सार्वजनिक शौचालय नहीं रहने के कारण राहगीरों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।राहगीरों को हो रही परेशानियों को देखते हुए जन अधिकार युवा परिषद के जिलाध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू ने जिला पदाधिकारी के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी से मानसी बाजार में सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराए जाने की मांग की है।उन्होंने कहा है कि खगड़िया जिले के मानसी प्रखंड अंतर्गत मानसी बाजार, जहां दर्जनों गांव के लाखों लोगों का रोजाना आना जाना लगा रहता है,वहां सार्वजनिक शौचालय का निर्माण नहीं होना,लोगों के लिए मुंह चिढ़ाने जैसा है।वर्षों से मानसी बाजार में एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं बना है।श्री गुड्डू के मुताबिक सार्वजनिक शौचालय नहीं रहने के कारण वर्षों से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।जबकि मानसी प्रखंड का दो पंचायत,खुटिया एवं चक हुसैनी को नगर पंचायत मानसी के रुप में चयनित किया गया है।उन्होंने कहा है कि मानसी बाजार का संपूर्ण भाग पूर्णत: नगर पंचायत मानसी के क्षेत्र है।बावजूद इसके मानसी बाजार में एक भी सार्वजनिक शौचालय का नहीं होना,काफी जटिल समस्या के साथ-साथ खुले में शौच मुक्त मिशन पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु मानसी बाजार के पटेल चौक, नेताजी चौक, लोहिया चौक और काली स्थान रोड में अविलंब सार्वजनिक शौचालय के निर्माण हेतु साकारात्मक पहल करने की कृपा करें,ताकि आमजनों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े और खुले में शौच मुक्त मिशन का पालन हो सके।