संवाददाता

खगड़िया।माँ कात्यायनी मंदिर परिसर में आरओ प्लांट का शिलान्यास करने पहुंचे चौथम अंचल के सीओ को स्थानीय लोगों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा।स्थिति यह रही कि,एक मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने न केवल सीओ भरत भूषण के साथ मारपीट की,बल्कि उनका कपड़ा भी फाड़ डाला।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।मिल रही जानकारी के अनुसार चौथम के अंचलाधिकारी भरत भूषण माँ कात्यायनी मंदिर परिसर में लगाए जाने वाले आरओ प्लांट का शिलान्यास करने पहुंचे थे।अभी वह शिलान्यास किए भी नहीं थे कि,एक मुकदमा को लेकर लोगों ने हंगामा शुरु कर दिया।जब तक वहां बैठे लोग कुछ समझ पाते,तब तक हंगामा कर रहे लोगों ने बाताबाती करते-करते सीओ के साथ हाथापाई शुरु कर दी।इतना ही नहीं, सीओ के कपड़े भी फाड़ दिए।घटना खगड़िया सांसद चौधरी महबूब अली कैसर और बेलदौर विधायक पन्ना लाल पटेल के सामने घटित होने की बात कही जा रही है।इस तरह की स्थिति उत्पन्न होने के बाद शिलान्यास स्थल सहित आस-पास अफरा-तफरी का माहौल हो गया।विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।