खगड़िया(गौरव सिन्हा)।

 

स्थानीय गौशाला परिसर में आयोजित गौशाला मेला का निरीक्षण करने पहुंचे खगड़िया के अनुमंडल पदाधिकारी सह अध्यक्ष, गौशाला खगड़िया अमित अनुराग तथा पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार द्वारा राजेंद्र सरोवर के समीप अवैध वाहन पार्किंग के संचालन में संलग्न 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।दरअसल,पार्किंग के संचालन के संबंध में गौशाला समिति के अध्यक्ष अथवा सचिव से कोई अनुमति नहीं ली गई थी,लेकिन अवैध तरीके से पार्किंग संचालन कर वसूली की जा रही थी।पुलिस गिरफ्त में आए तीनों अवैध पार्किंग संचालकों की पहचान कुणाल कुमार,गौरव कुमार एवं मनोज कुमार मिश्रा के रुप में की गई है।तीनों के विरुद्ध चित्रगुप्त नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।तीनों के पास पार्किंग के नाम पर काटी जा रही रसीद को भी जब्त की गयी है।बताया जा रहा है कि, आरोपियों द्वारा साइकिल वालों से ₹10, मोटरसाइकिल वालों से ₹30 एवं चार पहिया वाहनों से ₹50 की अवैध वसूली रसीद काटकर की जा रही थी।बता दें कि,इस वर्ष 134 वां गौशाला मेला 1 नवंबर से 10 नवंबर तक आयोजित किया गया है तथा गौशाला समिति के अलावा जिला प्रशासन द्वारा मेला घूमने वाले लोगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं मुहैया कराई गई है।सीसीटीवी अधिष्ठापन के अलावा दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी विधि व्यवस्था संधारण को ले की गई है।