खगड़िया(श्रवण आकाश)।

जिले की पसराहा थाना पुलिस ने एक भगोड़े इनामी अपराधी को चौथम थाना की पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया।चौथम थाना अंतर्गत कैथी गांव से गिरफ्तार किए गए रविन्द्र दास के विरुद्ध पसराहा थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला(कांड संख्या-72/20)दर्ज है।परबत्ता प्रखंड अंतर्गत कोलवारा गांव निवासी स्वर्गीय फेकू दास के पुत्र रविन्द्र दास की खोज पुलिस पिछले 2 वर्षों से कर रही थी।उसके विरुद्ध तेलिया बथान गांव में वर्ष 2020 के अगस्त माह में गांव के शशिकांत मंडल की हत्या कर देने का मामला दर्ज है।मौत के शिकार हुए शशिकांत मंडल की पत्नी कुंदन देवी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में रविन्द्र दास सहित इन्द्रपति मंडल भी आरोपी है।लगातार खोज किए जाने के बाद भी वह पुलिस की नजरों से ओझल था।उसके विरुद्ध पुलिस के उच्च अधिकारी स्तर से दो हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।पसराहा थाना अध्यक्ष अमलेश कुमार ने बताया कि, रविंद्र दास हत्या मामले में दो हजार रुपए का इनामी अपराधी था।शेष बचे अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।