खगड़िया।

 

खगड़िया अनुमंडल के लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी नवाजिश अख्तर द्वारा अलौली प्रखंड अंतर्गत शुम्भा पंचायत के वार्ड नम्बर 3 व 4 में अचानक औचक निरीक्षण किए जाते ही भ्रष्ट कर्मियों के बीच हड़कंप व्याप्त हो गया।लाव लश्कर के साथ पहुंचे लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने विकास परियोजना,कृषि विभाग,आपूर्ति विभाग, मनरेगा सहित प्राथमिक विद्यालय नागरटोली पासवान टोला का औचक निरीक्षण किया।विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से जांच करने के दौरान उन्होंने योजनाओं में कई तरह की अनियमितताएं देखी।

मिल रही जानकारी के अनुसार सरकार के निर्देशानुसार आज बुधवार को पदाधिकारियों का जत्था पंचायतों का औचक निरीक्षण करने निकला था।इस दौरान शुम्भा पंचायत में राज्य सरकार द्वारा संचालित 14 लाभकारी योजनाओं यथा हर घर नल का जल,हर घर तक पक्की गली नाली योजना, प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति,आंगनबाड़ी केंद्र, लक्षित जन वितरण प्रणाली दुकान,धान,गेहूं, दलहन अधिप्राप्ति केंद्र, ग्रामीण सड़कों का निर्माण व अनुरक्षण,मनरेगा योजना, ग्रामीण आवास योजना, पंचायत सरकार भवन,समाज कल्याण की पेंशन योजना आदि की जांच की गई।

बताया जाता है कि अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी नवाजिश अख्तर ने हर घर नल जल योजना के तहत ग्रामीणों के घरों में कनेक्शन,नियमित संचालन, रख-रखाव व अतिरिक्त जल के लिए सोख्ता की जानकारी ली।हर घर तक पक्की गली नाली की योजना में योजना की गुणवत्ता,जल निकासी की व्यवस्था,नाली की साफ- का निरीक्षण किया गया।

उन्होंने कहा कि सफाई एवं रख-रखाव पर ध्यान केंद्रित किया गया।विद्यालयों की हुई जांच के दौरान छात्रों व शिक्षकों की उपस्थिति,भवन,पेयजल, पुरुष/महिला शौचालय, बिजली,मध्याह्न भोजन योजना का संचालन, छात्रवृत्ति, पोशाक योजना, पुस्तक वितरण व अध्यापन की स्थिति की भी जानकारी ली गई।इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्र पर भी इन्हीं बिंदुओं पर फोकस रहा।लक्षित जन वितरण प्रणाली दुकानों की जांच में राशन किराशन तेल का उठाव,भंडार का सत्यापन, राशन किराेसिन तेल वितरण की स्थिति,खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच करते हुए लाभार्थियों से फीडबैक लिया गया।धान एवं गेहूं की अधिप्राप्ति पर किसानों से जानकारी ली गई।मनरेगा योजना में मजदूरों के भुगतान,मास्टर रोल संधारण योजना आदि के गुणवत्ता की जानकारी ली गई।पंचायत भवन में पंचायत सेवक, राजस्व कर्मचारी व अन्य कर्मियों की उपस्थिति, सरकारी काम काज का संचालन,लोक सेवा केंद्र का संचालन,बिजली की उपलब्धता,इंटरनेट की उपलब्धता,भवन की स्थिति इत्यादि की जानकारी ली गई।

समाज कल्याण की पेंशन योजना के बारे में लाभुकों से फीडबैक लिया गया।कई योजनाओं में अनियमितताएं मिलने की बात सामने आ रही है।कहा जा रहा है कि विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

प्रवीण कुमार प्रियांशु की रिपोर्ट