खगड़िया।

 

अंडर-17 अंतर राज्य स्तरीय फुटबाॅल प्रतियोगिता में भाग ले चुकी जिले के मानसी प्रखंड अंतर्गत चकहुसैनी निवासी पप्पू गुप्ता की छोटी बेटी,महिला हिरोज क्लब मानसी की खिलाड़ी अंजलि गुप्ता को सम्मानित कर हौसला अफजाई किया गया। बापू जी स्मारक मध्य विद्यालय चकहुसैनी में प्राथमिक शिक्षक संघ के नेताओं द्वारा सम्मानित कर कहा गया कि माता-पिता सहित बिहार वासियों के लिए गौरव बन चुकी हैं अंजलि।आयोजित सम्मान समारोह में प्राथमिक शिक्षक संघ के नेताओं ने सर्वप्रथम अंजलि के माता-पिता को शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया।तत्पश्चात उपस्थित सभी शिक्षकगणों ने अंजलि को माला पहनाकर उन्हें सम्मानित किया।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने अंजलि को न केवल शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया बल्कि शिल्ड,जर्सी, जूता,फुटबाॅल और लेट्स इंस्पायर बिहार का प्रशस्तिपत्र देकर हौसला भी बढ़ाया।जिलाध्यक्ष मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि गौहाटी में आयोजित अंतर राज्य स्तरीय फुटबाॅल प्रतियोगिता में शामिल होकर अंजलि मानसी हीं नहीं,संपूर्ण बिहार की बच्चियों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी है।निश्चित रुप से अंजलि के सफलता से उन सभी बच्चे-बच्चियाें को हिम्मत मिलेगा, जो खेलने से पहले सफलता और असलता की सोच में पड़ जाते हैं।उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षक संघ हर क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों का हौसला बुलंद करने का काम करती रही है।किसी भी प्रतिभावान बच्चे को अभाव नहीं खटके,इसके लिए प्राथमिक शिक्षक संघ तत्पर है।प्राथमिक शिक्षक संघ लगातार जिले को गौरवान्वित करने वाले बच्चे को आगे बढ़ाने का कार्य करता रहा है और किया जाता रहेगा।

जिलाध्यक्ष ने बच्चों के अभिभावकों से कहा बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल से जुड़े रहने के लिए भी प्रेरित करना चाहिए।अभिभावकों के साकारात्मक पहल से ही बच्चे का सर्वांगीण विकास संभव है।जन अधिकार युवा परिषद के जिलाध्यक्ष सह जिला फुटबाॅल एसोसिएशन के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू ने कहा कि अंजलि बचपन से ही महिला हिरोज क्लब मानसी की खिलाड़ी रही हैं।शुरु से ही अंजलि अच्छा खेल खेलती रही हैं।अंजलि चार बार अर्थात 2017, 2018, 2019 और 2022 में राज्य स्तरीय फुटबाॅल प्रतियोगिता में सम्मलित हो चुकी हैं।बीते 14 जुलाई 2022 से गौहाटी में आयोजित अंडर-17 अंतर राज्य स्तरीय फुटबाॅल प्रतियोगिता में भाग ले चुकी हैं।उक्त अंतर राज्य स्तरीय फुटबाॅल प्रतियोगिता में बिहार और दादरनगर हवेली को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।श्री गुड्डू ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक संघ के द्वारा एक अच्छी पहल की गई है।उन्होंने इस सम्मान के लिए प्राथमिक शिक्षक संघ के नेताओं के प्रति आभार जताया।

मौके पर बापू जी स्मारक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश यादव,प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव आशुतोष कुमार,प्राथमिक शिक्षक संघ के नेता दयानंद गुप्ता, मो.मोजाहिद, हरिनंदन यादव, राजेश कुमार, अनिल कुमार, दिनेश दास,पप्पू परदेशी,सिंटू कुमार,विशंभर प्रसाद,पंकज कुमार रंजन,सभापति कुमार, नीरज कुमार यादव इत्यादि ने कहा कि मानसी फुटबाॅल का मक्का रहा है।मानसी के कई लड़के-लड़कियों द्वारा नेशनल फुटबाॅल टूर्नामेंट में भाग लिया गया है।उपस्थित तमाम लोगों ने अंजलि के उज्जवल भविष्य की कामना की।

गौरव सिन्हा की रिपोर्ट