संवाददाता

 

खगड़िया।मानसी प्रखंड सहित अन्य ग्रामीण इलाकों की कौन कहे,खगड़िया जिला मुख्यालय में भी डेंगू के पसरते पांव ने लोगों को भयभीत कर दिया है।मिल रही जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय में एक महिला सहित जहां दो लोगों की मौत हो चुकी है,वहीं दर्जनों लोग आक्रांत हैं।हालांकि राहत की बात यह है कि,खगड़िया के नूर-ए-नजीर कहे जाने वाले जिलाधिकारी डॉक्टर आलोक रंजन घोष ने डेंगू से निपटने के लिए खुद मोर्चा संभाल रखा है और उनके दिशा-निर्देश पर विभिन्न वार्ड की गलियों-गलियों में फॉगिंग कराया जा रहा है, जगह-जगह चूना और ब्लिचिंग का छिड़काव किया जा रहा है।कहा जा सकता है कि,डीएम के निर्देश पर डेंगू से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरी तरह से कमर कस लिया गया है।इसी कड़ी में खगड़िया नगर परिषद के निर्वतमान वार्ड पार्षद रणवीर कुमार द्वारा वार्ड नंबर 24 और 23 (नया वार्ड 30) में डेंगू से बचाव के लिए वार्ड के सभी सड़क और गलियों में स्वयं जाकर फॉगिंग और चूना बिलिचिंग का छिड़काव कराया जा रहा है।

इतना ही नहीं,लोगों को जागरुक करते हुए बताया जा रहा है कि,घर के अंदर भी साफ-सफाई के प्रति विशेष ध्यान रखने की जरुरत है।फ्रीज,कूलर,गमले और छत पर रखे टायर सहित किसी अन्य जगह पर भी पानी जमने नहीं दें,तभी हमलोग डेंगू जैसी बीमारी को हरा सकेंगे।निवर्तमान वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने कहा कि,खगड़िया शहर में डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है।डेंगू से बचाव के लिए नगर परिषद खगड़िया द्वारा शहर के सभी वार्डों में क्रमवार शाम में फोगिंग,जबकि दिन में चूना और ब्लिचिंग का छिड़काव किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि,लोग जब तक पूरी तरह से जागरुक नहीं होंगे,तब तक डेंगू के बढ़ते प्रकोप पर अंकुश लगाना थोड़ा कठिन होगा।श्री कुमार ने कहा कि,जिला प्रशासन भी डेंगू से बचाव के लिए पूरी तरह गंभीर है।खगड़िया नगर परिषद डेंगू बचाव के लिए विशेष तौर पर कार्य कर रही है।