खगड़िया(ज्योति कुमारी)।

 

जिले के चौथम थाना अंतर्गत हरदिया गांव में आयोजित पार्टी में बार बालाओं के साथ पिस्टल लहराते युवक का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दिनभर इलाके का खाक छाना।विभिन्न जगहों पर छापेमारी करने के बाद गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने युवक को स्वचालित हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार युवक की पहचान हरदिया निवासी इनो सिंह के पुत्र कृष्णा उर्फ कृता सिंह के रुप में की गई है।गिरफ्तार युवक के पास से एक स्वचालित पिस्टल,नौ जिंदा कारतूस व दो खोखा,आठ थ्री फिफ्टीन का जिंदा कारतूस तथा बंदूक का चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बता दें कि, शनिवार की रात कृता सिंह के बड़े भाई श्रीराम सिंह के पुत्र जन्मोत्सव मौके पर पारिवारिक समारोह आयोजित किया गया था।इस समारोह में डांस के लिए बार बालाओं को भी बुलाया गया था।भोजपुरी अश्लील गाने पर ठुमके लगाते व पिस्टल से फायरिंग करते कृता सिंह का वीडियो सोशल मिडिया पर खूब वायरल हुआ।वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि,एसपी के निर्देश पर युवक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर एसआई सत्यव्रत सिंह,एएसआई सुरेंद्र महतो के साथ चुनिंदा पुलिस बल को शामिल किया गया।आरोपित को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी की गई।गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित की गिरफ्तारी कर वायरल वीडियो के आधार पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज करते हुए आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।