नवादा(रत्नेश कुमार)।

 

भोजपुरी सिनेमा के मेगा स्टार कहे जाने वाले खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में गोपालगंज और मोकामा में हो रहे विधानसभा उप चुनाव से संदर्भित राजनीतिक चर्चा होना दर्शकों को इतना नागवार लगा कि,कुर्सियां तक तोड़ डाली गई।श्रोताओं के द्वारा बबाल काटने के दौरान मची अफरातफरी के कारण मंच भी टूट गया और लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी-अपनी जान बचायी।कह सकते हैं कि,दर्शकों ने जमकर तोड़-फोड़ मचायी।स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।हालांकि कार्यक्रम के दौरान कुव्यवस्था देखकर भी दर्शकों के क्रोध का सामना प्रबंधकों को करना पड़ा।

मामला है नवादा जिले के रजौली में छठ पर्व के मौके पर आयोजित कार्यक्रम का।कार्यक्रम में भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव,छोटू छलिया आदि की मौजूदगी थी,लेकिन राजनीतिक भाषणबाजी शुरु हो गई और कुव्यवस्था देख पहले से भड़के लोगों ने बबाल काटना शुरु कर दिया।कार्यक्रम में एक समय द्विअर्थी गीत का भी दौर चला।इसके पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन सूबे के सहकारिता मंत्री सह बेलागंज विधायक सुरेंद्र यादव,रजौली के राजद विधायक प्रकाशवीर तथा एमएलसी अशोक यादव ने किया था।

खेसारी लाल यादव को देखने आए लोगों को गुस्सा तब आया,जब मोकामा और गोपालगंज उपचुनाव में राजद प्रत्याशियों के पक्ष में भाषणबाजी हो गई।हालांकि रजौली में छठ पूजा के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोगों की जुटी भारी भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि,कार्यक्रम को देखने आए लोग टावर और ताड़ के पेड़ तक पर चढ़ गए थे।आक्रोशित लोगों का कहना था कि,भोजपुरी के मेगा स्टार खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम खासे चर्चित रहता है और उन्हें सुनने व देखने आए लोगों की भारी भीड़ जुटती है।इस बीच नेताओं द्वारा राजनीतिक भाषणबाजी किया जाना लोगों को रास नहीं आया और लोगों ने बबाल काटते हुए तोड़-फोड़ की घटना को अंजाम दिया।